तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, एक दर्जन से अधिक घायल

 तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, एक दर्जन से अधिक घायल


मुरैना जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए, जबकि कई मजदूर ट्रॉली के नीचे दब गए। घटना सरायछोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मसूरपुर तिराहे के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मजदूर चंबल नदी के पास रेलवे लाइन पर कार्य कर रहे थे और काम खत्म करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर हेतमपुर स्थित अपने डेरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार मजदूर नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने मिलकर ट्रॉली के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर सरायछोला थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय मुरैना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, एक मजदूर की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे में घायल सभी मजदूर मध्य प्रदेश के मंडला जिले के निवासी हैं, जो मुरैना में रेलवे लाइन के कार्य में लगे हुए थे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू किया। साथ ही ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण हो सकती है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


Comments

Popular posts from this blog

मुरैना में दर्दनाक तस्वीर: ओलों की बारिश में खेत में किया अंतिम संस्कार

महंगाई की मार: कॉमर्शियल गैस ₹994 तक महंगी, अब क्या घरेलू सिलेंडर की बारी?

जौरा में भाजपा नेता के घर फायरिंग, अवैध शराब विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, हमलावरों की पिटाई