जौरा में भाजपा नेता के घर फायरिंग, अवैध शराब विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, हमलावरों की पिटाई

 जौरा में भाजपा नेता के घर फायरिंग, अवैध शराब विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, हमलावरों की पिटाई

सीसीटीवी में कैद हुई गोलीबारी, दोनों पक्ष थाने पहुंचे; पुलिस जांच में जुटी

मुरैना (जौरा) | मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भाजपा नेता रविंद्र सिंह सिकरवार के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। घटना में भाजपा नेता और उनके पुत्र पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि हमलावर चर्चा के बहाने घर पहुंचे थे और अचानक विवाद के बाद गोलियां चला दीं। 

जानकारी के अनुसार, सभी हमलावर जौरा थाना क्षेत्र के डोंगरपुर गांव के निवासी हैं। घटना के दौरान भाजपा नेता के समर्थकों और स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी और उनके वाहन में भी तोड़फोड़ की। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद अवैध शराब की बिक्री को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले डोंगरपुर गांव में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ दबिश दी थी, जिसके बाद से तनाव बना हुआ था। घटना के बाद दोनों पक्ष जौरा थाने पहुंच गए हैं और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

संवाददाता : किशोर कुशवाहा 


Comments

Popular posts from this blog

मुरैना में दर्दनाक तस्वीर: ओलों की बारिश में खेत में किया अंतिम संस्कार

महंगाई की मार: कॉमर्शियल गैस ₹994 तक महंगी, अब क्या घरेलू सिलेंडर की बारी?