नहाने गई बच्ची पर मगर का हमला, SDRF ने 6 घंटे बाद निकाला शव
नहाने गई बच्ची पर मगर का हमला, SDRF ने 6 घंटे बाद निकाला शव
मुरैना: जिले के चिन्नोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदपुरा गांव के चंबल नदी घाट पर मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां नहाने गई 7 वर्षीय मासूम बालिका को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सिंगरौली निवासी विजय सिंह केवट की 7 वर्षीय पुत्री राबी सुबह करीब 9 बजे चंबल नदी पर नहाने के लिए गई थी। इसी दौरान नदी किनारे मौजूद एक मगरमच्छ ने अचानक हमला कर बालिका को अपने जबड़ों में दबोच लिया और नदी के अंदर ले गया।
घटना के समय नदी तट पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चिन्नोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम को बुलाया गया।
SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ बालिका को अपने जबड़ों में दबाकर नदी में इधर-उधर घूमता रहा, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण बन गया।
करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद SDRF टीम ने मगरमच्छ के चंगुल से बालिका का शव बाहर निकाला। इस दौरान यह भी सामने आया कि मगरमच्छ ने बालिका के शरीर के निचले हिस्से को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था।
रेस्क्यू के बाद बालिका के शव को चिन्नोनी थाना लाया गया, जहां पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कैलारस अस्पताल भेजा गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Comments
Post a Comment